रोहिड़ा में बीपीएचयू एवं सरूपगंज में दवा वितरण केंद्र का हुआ शुभारंभ, सांसद चौधरी व विधायक गरासिया ने किया उद्घाटन

रोहिड़ा में बीपीएचयू एवं सरूपगंज में दवा वितरण केंद्र का हुआ शुभारंभ

सांसद लुंबा राम चौधरी व विधायक समाराम गरासिया ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ



पिण्डवाड़ा (सिरोही )। सिरोही जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मज़बूत और आमजन तक सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत आज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रोहिड़ा में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सरूपगंज में नए दवा वितरण केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पधारे माननीय सांसद लुंबा राम चौधरी एवं  विधायक समाराम गरासिया ने संयुक्त रूप से फीता काटकर दोनों केंद्रों का उद्घाटन किया।


कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान माननीय सांसद एवं विधायक महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाना प्रशासन और सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नए बीपीएचयू और दवा वितरण केंद्र के खुलने से अब क्षेत्र की आम जनता को समय पर दवाइयाँ, जाँच और अन्य स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे रोगों की रोकथाम और शीघ्र उपचार दोनों संभव होंगे।


उद्घाटन कार्यक्रम में जिला प्रमुख अर्जुन राम पुरोहित, प्रधान पिंडवाड़ा नितिन बंसल, जिला महामंत्री गणपत सिंह राठौड़, रोहिड़ा पंचायत प्रशासन पवन राठौड़, सरूपगंज पंचायत प्रशासन से श्रीमती मगनी देवी कल्बी, बीसीएमओ डॉ. भूपेन्द्र प्रताप सिंह, सीएचसी सरूपगंज प्रभारी डॉ. रामलाल, सीएचसी रोहिड़ा प्रभारी डॉ. पवन डामोर सहित चिकित्सकीय स्टाफ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. दिनेश खराड़ी ने कहा कि “बीपीएचयू एवं दवा वितरण केंद्र की स्थापना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा प्रदान करेगी। अब सामान्य बीमारियों से लेकर गंभीर रोगों तक की रोकथाम एवं उपचार की सुविधाएँ प्राथमिक स्तर पर ही उपलब्ध होंगी। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि जिले का हर नागरिक समय पर दवा और उपचार प्राप्त कर सके।”

स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल के लिए जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया और कहा कि अब उन्हें दवाइयाँ एवं स्वास्थ्य परामर्श आसानी से उपलब्ध होंगे, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की बचत होगी।

इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में भी ग्रामीण क्षेत्रों में और अधिक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाते रहेंगे।



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कांस्टेबल पर चाकू से किया हमला, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

मनोरा गाँव में हुई नकबजनी की वारदातों का पर्दाफाश कर दो नकबजनों को धर-दबोचा, जिला पुलिस की कुल 06 टीमों के द्वारा मिली सफलता

सिरोही प्रधान की बुआ के नाम से महिला का वीडियो किया वायरल, मेघवाल समाज ने की उचित कार्रवाई करने कि की मांग