आपसी एकता और विश्वास से ही परिवार, समाज, राष्ट्र और विश्व में आएगी खुशहाली और शांति

आपसी एकता और विश्वास से ही परिवार, समाज, राष्ट्र और विश्व में आएगी खुशहाली और शांति

 वसुधैव कुटुम्बकम की संस्कृति का पुनरुद्धार विषय के साथ वैश्विक शिखर सम्मेलन का समापन

समापन सत्र में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य पालन मंत्री डॉ. संजय निषाद, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य, जालौर-सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी रहे मौजूद


आबूरोड ( सिरोही ) 12 अक्टूबर । ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय शांतिवन में चल रहे वैश्विक शिखर सम्मेेलन का रविवार को समापन हो गया। एकता और विश्वास- आदर्श भविष्य के लिए प्रेरणा विषय पर आयोजित सम्मेलन में देश-विदेश से आए विद्वानों ने एक स्वर में कहा कि परिवार हो, समाज हो, राष्ट्र हो या फिर विश्व, एकता और विश्वास के बिना शांति, खुशहाली, समृद्धि और भाईचारा नहीं हो सकता है। यदि हमें सुखद भविष्य, आदर्श भविष्य की नींव रखनी है तो आपसी एकता और विश्वास को साथ लेकर चलना होगा। हमारी भारतीय संस्कृति की नींव और आधार ही वसुधैव कुटुम्बकम् है।  
समापन सत्र में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने वसुधैव कुटुम्बकम पर बोलते हुए कहा कि हमारे शरीर में पंाच कर्मेन्द्रियां हैं, जिन्हें ऋषियों ने ज्ञानेन्द्रियां कहा है। जिससे हम कर्म करते हैं। अब मनुष्य भारतीय हो, चाहे यूरोप, रशिया, अमेरिका का हो, सबके पास ज्ञानेन्द्रियां हैं। बाल्टी पानी से भरी हुई है, आंख ने देखा पर उसे उठाता हाथ है, यहां कर्मेन्द्रियों और ज्ञानेन्द्रियों की एकता है। यही विश्वास भी पैदा करता है। आत्मा का प्रकाश बुद्धि पर पड़ने से सही निर्णय क्षमता मिलती है। ज़ी-20 समिट में पीएम नरेन्द्र मोदी ने भी यही ध्येय दिया वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर। हमने नई लोकसभा में पहला बिल नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास किया। जिसमें महिलाओं को लोकसभा व विधानसभा में 33 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण देने का नियम बनाया। ब्रह्माकुमारी बहनों भी नारी सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही हैं। 



संस्कार होगा तो विचार होगा-
उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य पालन मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि आधी आबादी जिसे मातृशक्ति के रूप में माना जाता है। लम्बे समय तक भारत आक्रमणकारियों के कब्जे में रहा। भारत सोने की चिड़िया, विश्वगुरु कहा जाता था, लेकिन गुलामी के दौर में महिलाओं के अधिकारों को कम कर दिया गया। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान में महिलाएं ही प्रमुख हैं। मैं इसके लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। संस्कार होगा तो विचार होगा, विचार होगा तो व्यवहार होगा, व्यवहार होगा तो सरकार सही चलेगी। 



यहां प्रैक्टिकली वसुधैव कुटुम्बकम दिखाई देता है- 
अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके जयंती दीदी ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ में प्रैक्टिकली वसुधैव कुटुम्बकम दिखाई देता है। हमारा कनेक्शन एक परमात्मा से जुड़ जाता तो हम सब एक ही परिवार बन जाते हैं। जब हम आध्यात्मिक दृष्टिकोण रखते हैं तो हमारा व्यवहार बदल जाता है। हम सबका आपस में आदि-अनादि संबंध है। यह संबंध सदाकाल का है। 

अमूल 36 लाख सदस्यों की समिति है-
अमूल इंडस्ट्री के चैयरमेन अशोक चौधरी ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ व अन्य संस्थाएं ग्रामीण विकास के लिए कार्य कर रही हैं। इससे भारत समृद्ध होगा। कोविड के बाद धरती फर्टिलाइजर के दुरुपयोग से दूषित हुई है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना समय की मांग है। अमूल भी उस पर काम कर रहा है। अमूल 36 लाख सदस्यों वाली समिति है। हमारा 90 हजार करोड़ का टर्नओवर है। अगले 2 साल में सवा लाख करोड़ के टर्न ओवर का टारगेट है। ब्रह्माकुमारीज़ प्राकृतिक खेती में अच्छा काम कर रही है।


इन्होंने भी किया संबोधित-
- मप्र के बड़वानी से आए राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य ने कहा कि आज युवाओं के साथ संवाद करने की जरूरत है, ताकि वह सही रास्ते पर चलें। ब्रह्माकुमारीज़ की बहनें युवाओं को सही रास्ता दिखाने के कार्य में समर्पित रूप से सेवारत हैं। 
- ब्रह्माकुमारीज़ के डेनमार्क की राष्ट्रीय समन्वयक बीके सोनिया ओहल्सन ने कहा कि भारत की गौरवशाली परंपरा पर हमें गर्व है। आज विदेशों में भी लोग तेजी से अध्यात्म के प्रति आकर्षित हो रहे हैं। मेडिटेशन सीखने के लिए रुचि ले रहे हैं। 
- जालौर-सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ ने विविध कार्यों से सेवा की है। पीएम मोदी ने स्वदेशी अपनाने का नारा दिया है। हम स्वदेशी अपनाकर भारत को मजबूत बनाएं।




इन्हें किया गया पुरस्कृत- 

- समाजसेवा व मानव कल्याण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने पर युवा अनस्टॉपेबल के संस्थापक एवं मुख्य प्रेरणा अधिकारी अमिताभ शाह को मानवता के संरक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 

- पत्रकारिता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने और पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मकता को बढ़ावा देने, अपने समाचार पत्र में प्रत्येक सोमवार को नो नेगेटिव न्यूज चलाने पर दैनिक भास्कर समूह के नेशनल एडिटर ओम गौड़ को राष्ट्र चेतना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 

राजयोग से कराई शांति की अनुभूति-

भाजपा की जिला अध्यक्ष रक्षा भंडारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। स्वागत भाषण कृषि एवं ग्रामीण विकास प्रभाग की अध्यक्ष राजयोगिनी बीके सरला बहन ने दिया। जोनल मुख्यालय पांडव भवन दिल्ली की राजयोगिनी बीके पुष्पा दीदी ने सभी को राजयोग मेडिटेशन से शांति की गहन अनुभूति कराई। मप्र के उज्जैन के मालव लोक कला केंद्र के कलाकारों ने नृत्य की सुंदर प्रस्तुति से सभी दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। संचालन जयपुर की वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके चंद्रकला बहन ने किया। मूल्य शिक्षा कार्यक्रम के निदेशक डॉ. बीके पांडियामणि भाई ने आभार माना। 



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कांस्टेबल पर चाकू से किया हमला, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

मनोरा गाँव में हुई नकबजनी की वारदातों का पर्दाफाश कर दो नकबजनों को धर-दबोचा, जिला पुलिस की कुल 06 टीमों के द्वारा मिली सफलता

सिरोही प्रधान की बुआ के नाम से महिला का वीडियो किया वायरल, मेघवाल समाज ने की उचित कार्रवाई करने कि की मांग